नागपुर टेस्ट : शतक से चूके गांगुली, क्रेजा ने झटके 6 विकेट (लीड-2)
नागपुर, 7 नवंबर (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया के साथ नागपुर के विदर्भ क्रिकेट संघ मैदान पर खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को पूर्व कप्तान सौरव गांगुली अपने करियर के 14वें टेस्ट शतक से मात्र 15 रनों से चूक गए। दूसरी ओर, आस्ट्रेलिया के स्पिन गेंदबाज जेसन क्रेजा अपने पहले ही टेस्ट मैच में छह विकेट लेने में सफल रहे हैं।
गांगुली 85 रन बनाकर क्रेजा के शिकार बने। गांगुली का विकेट 423 के कुल योग पर गिरा। इससे ठीक पहले कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (56) अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद क्रेजा की गेंद पर माइकल क्लार्क के हाथों लपके गए थे।
पहले दिन के खेल की समाप्ति पर गांगुली 59 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 27 रन और धोनी चार रन बनाकर नाबाद लौटे थे। गांगुली 153 गेंदों की पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाए जबकि धोनी ने 97 गेंदों पर चार चौके जड़े।
खबर लिखे जाने तक भारत ने आठ विकेट पर 437 रन बना लिए थे। जहीर खान एक रन बनाकर खेल रहे थे जबकि अमित मिश्र ने खाता नहीं खोला था। भारत का आठवां विकेट हरभजन सिंह के रूप में गिरा, जिन्होंने 14 रन बनाए।
इससे पहले, सचिन तेंदुलकर (109) के करियर के 40वें टेस्ट शतक की बदौलत भारत ने मैच के पहले दिन गुरुवार को पहली पारी में पांच विकेट पर 311 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली थी।
भारत के लिए अपना 100वां टेस्ट मैच खेल रहे कलात्मक बल्लेबाज वी.वी.एस. लक्ष्मण (64) और सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग (66) भी योगदान दिया था।
इसके अलावा अपना पहला टेस्ट खेल रहे तमिलनाडु के सलामी बल्लेबाज मुरली विजय 53 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 33 रन बनाने में सफल रहे।
चार मैचों की टेस्ट श्रंखला में भारत 1-0 से आगे चल रहा है। उसने मोहाली में खेला गया दूसरा टेस्ट 320 रनों से जीता था। बेंगलुरू में खेला गया पहला टेस्ट और दिल्ली में खेला गया तीसरा टेस्ट बेनतीजा रहा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*