विस चुनाव : मध्यप्रदेश में प्रचार के लिए नहीं आ पाएंगे अटलबिहारी वाजपेयी
भोपाल, 7 नवम्बर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा तैयार की गई स्टार प्रचारकों की सूची में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का नाम नहीं है। मध्यप्रदेश में यह पहला ऐसा चुनाव होगा जिसमें वाजपेयी अपने गृह प्रदेश में प्रचार के लिए नहीं आ रहे हैं।
भोपाल, 7 नवम्बर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा तैयार की गई स्टार प्रचारकों की सूची में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का नाम नहीं है। मध्यप्रदेश में यह पहला ऐसा चुनाव होगा जिसमें वाजपेयी अपने गृह प्रदेश में प्रचार के लिए नहीं आ रहे हैं।
भाजपा ने चुनाव आयोग को अपने 40 स्टार प्रचारकों की गुरूवार को सूची सौंपी है। इस सूची में नेताओं के अलावा फिल्म अभिनेताओं और खिलाडियों के नाम भी शामिल है। सूची में ड्रीम गर्ल हेमामालिनी, विनोद खन्ना, शत्रुध्न सिन्हा, पूर्व क्रिकेटर व पार्टी सांसद नवजोतसिंह सिद्घू और टीवी कलाकार स्मृति ईरानी का भी नाम है।
स्टार प्रचारकों की सूची में सबसे ऊपर पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी का नाम है। इसके अतिरिक्त अध्यक्ष राजनाथ सिंह, वेंकैया नायडू, अनन्त कुमार, सुषमा स्वराज, थावरचन्द गेहलोत, मुरलीमनोहर जोशी, कल्याण सिंह, नरेन्द्र मोदी, वसुन्धरा राजे सिंधिया, बी. एस.येदियुरप्पा, प्रेमकुमार धूमल, भुवनचन्द्र खंडूरी, डॉ़ रमन सिंह, शिवराजसिंह चौहान, सुशील मोदी, मुख्तार अब्बास नकवी, गोपीनाथ मुन्डे, विनय कटियार, कलराज मिश्र, शाहनवाज हुसैन, नरेन्द्र सिंह तोमर, अनिल दवे, फग्गन सिंह कुलस्ते, कैलाश जोशी, सुन्दरलाल पटवा, विक्रम वर्मा, प्रभात झा, सुमित्रा महाजन, दिलीप सिंह भूरिया, यशोधरा राजे सिंधिया, सत्यनारायण जटिया, मोती कश्यप, नारायणसिंह कुशवाह, रूस्तम सिंह भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल है।
देश की आजादी के बाद मध्यप्रदेश में यह पहला ऐसा चुनाव होगा जिसमें अटलबिहारी वाजपेयी का दौरा नहीं होगा। वाजपेयी का यह गृह प्रदेश है। हर चुनाव में देश के अन्य हिस्सों की तरह ही मध्यप्रदेश में भी वाजपेयी की सबसे ज्यादा मांग रही है। इस बार उनके न आने का पार्टी में हर किसी को मलाल रहेगा।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजेन्द्र सिंह सिसौदिया ने आईएएनएस को बताया कि वाजपेयी अस्वस्थ है, इस वजह से चुनाव के प्रचार के लिए उनके आने का कोई कार्यक्रम नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**