ओबामा की जीत गांधी और मार्टिन लूथर के आदर्शो की जीत : आडवाणी
नई दिल्ली, 7 नवंबर (आईएएनएस)। लोकसभा में विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी ने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाले बराक ओबामा को पत्र लिखकर बधाई दी है। ओबामा की जीत को उन्होंने महात्मा गांधी और मार्टिन लूथर किंग (जूनियर) की शिक्षाओं व आदर्शो की जीत बताया है।
ओबामा को लिखे अपने बधाई संदेश में आडवाणी ने कहा है, "आपकी जीत भारत के लिए दो कारणों से विशेष प्रसन्नता का विषय है। पहला, इससे विश्व में सबसे बड़े लोकतंत्र भारत और विश्व में सबसे शक्तिशाली लोकतांत्रिक राष्ट्र अमेरिका के बीच घनिष्ठ संबंधों की पुष्टि हुई है। दूसरा, आपके महान देश की जनता ने समानता, स्वतंत्रता और जातीय अभेदभाव के आदर्शो में अपना विश्वास जताकर महात्मा गांधी और मार्टिन लूथर किंग जूनियर की शिक्षाओं और आदर्शो की विजय का संकेत दिया है।"
आडवाणी ने ओबामा की जीत को लोकतंत्र और कतिपय सार्वभौमिक बुनियादी मानवीय आदर्शो की भी जीत बताया। उन्होंने कहा, "इसी कारण से आपके चुनाव अभियान ने भारत सहित अंतर्राष्ट्रीय समुदाय में अप्रत्याशित रूचि पैदा की। "
आडवाणी ने लिखा है, "परिवर्तन लाने के आपके संदेश ने विश्वभर के प्रगतिशील लोगों के विचारों और भावनाओं को सशक्त रूप दिया है। मुझे यह जानकर प्रसन्नता हुई कि भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने चुनाव में आपको जोरदार समर्थन दिया।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।