श्रीलंका के उत्तरी हिस्से में छिड़ी
कोलंबो, 7 नवंबर (आईएएनएस)। श्रीलंका के उत्तरी हिस्से में राजमार्ग तक पहुंचने की कोशिश कर रहे सेना के जवानों और तमिल विद्रोहियों के बीच जबरदस्त लड़ाई छिड़ गई है। यह जानकारी प्रशासन ने शुक्रवार को दी।
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि गुरुवार को पनीक्कनकुलम में घंटों चले संघर्ष में लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे)के कई सदस्य मारे गए। कई विद्रोही लापता भी बताए गए हैं।
मंत्रालय के बयान में जानकारी दी गई है कि सेना के नवगठित कार्यबल-3 के जवानों को मनकुलम के पश्चिमोत्तर से राजमार्ग ए-9 की ओर बढ़ते समय लिट्टे विद्रोहियों के विरोध का सामना करना पड़ा। यह राजमार्ग मध्य शहर कैंडी को जाफना से जोड़ता है।
मंत्रालय के अनुसार सेना के जवानों के तलाशी अभियानों में लिट्टे के सात सदस्यों के शव बरामद किए गए। इसके अलावा एक मशीनगन और अन्य राइफलें बरामद की गई। बयान में इस संघर्ष के दौरान सेना को पहुंचे नुकसान के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। लिट्टे ने इस बारे में तत्काल कोई प्रतिक्रिया जाहिर नहीं की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*