भाजपा ने कोश्यारी और कुसुम राय को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया
नई दिल्ली, 6 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड से राज्यसभा के लिए मिल रही एक-एक सीट पर क्रमश: कुसुम राय और भगत सिंह कोश्यारी को पार्टी का उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा पार्टी ने उत्तरप्रदेश विधान परिषद के लिए पार्टी के किसान मोर्चा के अध्यक्ष विनोद पांडे और बाबूराम एमकॉम को अपना उम्मीदवार बनाया है।
कुसुम राय और कोश्यारी को राज्यसभा भेजने का फैसला कर पार्टी ने एक साथ कई निशाने साधे हैं। कुसुम राय के बहाने पार्टी ने उत्तरप्रदेश के कद्दावर नेता कल्याण सिंह को मनाने का प्रयास किया है। उल्लेखनीय है कि कल्याण सिंह काफी समय से पार्टी से नाराज चल रहे हैं। पिछले दिनों बेंगलुरू में हुई पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक का भी उन्होंने बहिष्कार किया था। इसके अलावा उन्होंने उत्तरप्रदेश में लालकृष्ण आडवाणी के किसी भी संकल्प रैली में हिस्सा नहीं लिया।
कोश्यारी को राज्यसभा भेजने का निर्णय ले कर पार्टी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री भुवनचंद खंडूरी की कुर्सी सुरक्षित कर दी है। ज्ञात हो कि कोश्यारी के नेतृत्व में उत्तराखंड भाजपा के कई विधायकों ने खंडूरी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। पार्टी आलाकमान को विधायकों का असंतोष थामने के लिए बीच में आना पड़ा।
राज्यसभा उम्मीदवार :
भगत सिंह कोश्यारी - उत्तराखंड
कुसुम राय - उत्तरप्रदेश
उत्तरप्रदेश विधान परिषद उम्मीदवार :
बाबूराम एमकॉम - उत्तरप्रदेश
विनोद पांडे - उत्तरप्रदेश
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।