भूटान में विश्व के सबसे युवा नरेश की ताजपोशी (लीड-1)
थिंपू, 6 नवंबर (आईएएनएस)। भूटान में गुरुवार को आयोजित एक भव्य समारोह में 28 वर्षीय जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक का राज्याभिषेक किया गया। वे विश्व के सबसे युवा नरेश बन गए हैं।
ताशीशोदजोंग महल में राज्याभिषेक के साथ ही ऑक्सफोर्ड से शिक्षा प्राप्त वांगचुक ने अपने पिता और देश के चौथे नरेश जिग्मे सिंग्मे वांगचुक का स्थान ग्रहण कर लिया। जिग्मे खेसर अपने पिता की तीसरी पत्नी आसी तेसरिंग के सबसे बड़े बेटे हैं।
राज्याभिषेक समारोह स्थानीय समय के अनुसार सुबह 8.31 बजे धार्मिक मंत्रोच्चारण के बीच पारंपरिक तरीके से संपन्न हुआ।
राज्याभिषेक समारोह में राष्ट्रपति प्रतिभादेवी सिंह पाटिल शरीक हुईं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी अपने परिवार के सभी सदस्यों के साथ इस आयोजन में हिस्सा लिया। इस अवसर पर 23 देशों के राजदूत मौजूद थे।
थिंपू के तेंदरेल थांग में गुरुवार दोपहर को भी एक समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बौद्ध परंपरा के अनुसार धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे। माना जा रहा है कि समारोह में 20,000 से अधिक लोग हिस्सा लेंगे
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*