मालेगांव विस्फोट : सेना का अधिकारी गिरफ्तार (लीड-1)
नई दिल्ली, 5 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के आतंकवाद निरोधक दस्ते(एटीएस) ने मालेगांव विस्फोट में संदिग्ध भूमिका के आरोप में सेना के एक अधिकारी को गिरफ्तार किया है।
यह पहला मामला है जब किसी सेवारत सेना के अधिकारी को आतंकवादी गतिविधियों में लिप्त रहने के आरोप में पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
सेना के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि लेफ्टिनेंट कर्नल श्रीकांत पुरोहित को मंगलवार की देर रात मुंबई से गिरफ्तार किया गया। पुरोहित से पिछले छह दिनों से सेना अधिकारी की उपस्थिति में पूछताछ की जा रही थी। पुरोहित के खिलाफ मुंबई में प्राथमिकी दर्ज है।
सेना के एक अधिकारी ने बताया, " इस मामले में महाराष्ट्र एटीएस के अनुरोध पर ही पुरोहित को उसकी हिरासत में भेजा गया। "
पुरोहित के बारे में कहा जाता है कि वह अभिनव भारत को संस्थापक सदस्य है। अभिनव भारत पर मालेगांव विस्फोट में शामिल होने का संदेह है। इस संबंध में इसके सदस्यों से पूछताछ की जा चुकी है।
पुरोहित पर आरोप है कि उसने साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर, सेवानिवृत्त मेजर रमेश उपाध्याय और उसके सहयोगी शरद कुलकर्णी को विस्फोटक बनाने में मदद की।
उल्लेखनीय है कि 29 सितंबर को हुए मालेगांव विस्फोट में छह लोगों की मौत हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*