माओवादी नेता ने जेल में रूसी क्रांति दिवस मनाने की अनुमति मांगी
रांची, 5 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड में धनबाद की जेल में बंद एक माओवादी नेता की उस मांग ने जेल अधिकारियों को असमंजस में डाल दिया है, जिसमें उसने जेल के भीतर ही रूसी क्रांति दिवस मनाने की अनुमति चाही है। यह जानकारी बुधवार को एक अधिकारी ने दी।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के पोलित ब्यूरो के सदस्य प्रमोद मिश्र ने शुक्रवार को रूसी क्रांति दिवस मनाने की अनुमति देने की मांग जेल अधिकारियों से की है। उन्होंने सभी गिरफ्तार माओवादी विद्रोहियों को भी इस समारोह में हिस्सा लेने की अनुमति देने की मांग की है।
इस बारे में धनबाद जेल प्रशासन के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि "हमारे लिए इस मांग को मानना और न मानना दोनों मुश्किल भरा है। यदि हम मांग खारिज कर देते हैं, तो मिश्र जेल के भीतर ही आंदोलन शुरू कर देंगे। लेकिन हम उनकी इस मांग को स्वीकार भी नहीं कर सकते।''
अधिकारी के अनुसार मिश्र की इस मांग के बारे में जेल प्रशासन ने रांची में वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।