आतंकवाद के कीचड़ में पनप रहा भाजपा का कमल : कांग्रेस
नई दिल्ली, 5 नवंबर (आईएएनएस)। मालेगांव बम धमाकों की आरोपी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के बचाव में उतरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को आड़े हाथों लेते हुए कांग्रेस ने कहा है कि भाजपा की राजनीति से स्पष्ट हो गया है कि उसका हाथ आतंकवादियों के साथ है और आतंकवाद के कीचड़ में ही वह अपना कमल खिला रही है।
प्रज्ञा मामले में विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी, भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह और पार्टी प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद के बयानों का जिक्र करते हुए पार्टी प्रवक्ता मनीष तिवारी ने संवाददाताओं से चर्चा में कहा, "साध्वी की गिरफ्तारी के बाद भाजपा नेता अलग-अलग बयानबाजी कर रहे हैं। पार्टी को स्पष्ट करना चाहिए कि प्रज्ञा ठाकुर के साथ उसके संबंध हैं या नहीं। यदि प्रज्ञा से भाजपा का कोई संबंध नहीं है तो वह पार्टी के मंच से उसका बचाव क्यों कर रही है।"
उन्होंने कहा, "भाजपा केंद्र सरकार पर आतंकवाद के प्रति नरम रवैया अपनाने का आरोप लगाती रही है लेकिन प्रज्ञा का समर्थन कर उसने अपनी चाल, चरित्र व चेहरे को फिर से उजागर कर दिया है। उसने आतंकवाद का समर्थन किया है। इससे साफ हो गया है कि भाजपा का कमल आतंकवाद के कीचड़ में खिल रहा है।"
तिवारी ने कहा कि कांग्रेस का हाथ हमेशा से ही आम आदमी और गरीबों के साथ रहा है लेकिन देश की सबसे प्रमुख विपक्षी पार्टी का हाथ आतंकवादियों के साथ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।