दिल्ली चुनाव : शीला लड़ेंगी नई दिल्ली विधानसभा सीट से (राउंडअप)
नई दिल्ली, 5 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस ने दिल्ली विधानसभा के आगामी चुनाव के लिए बुधवार को 48 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इस सूची में 32 मौजूदा विधायकों को टिकट दिया गया है। मुख्यमंत्री शीला दीक्षित नई दिल्ली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी। इस सीट पर उनका मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विजय जौली से होगा।
शीला मंत्रिमंडल में शामिल सदस्यों में वित्त मंत्री ए. के. वालिया को लक्ष्मीनगर, शिक्षा मंत्री अरविंदर सिंह लवली को गांधीनगर, उद्योग व श्रम मंत्री मंगत राम सिंघल को आदर्शनगर और परिवहन मंत्री हारून युसूफ को बल्लीमारान से पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है।
पार्टी द्वारा इस सूची में 47 में से 32 मौजूदा विधायकों को टिकट दिया गया है। इसके अलावा हाल ही में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए रामवीर सिंह बिधूड़ी को बदरपुर विधानसभा सीट से और हाल ही में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए दयानंद चंदेला को राजौरी गार्डेन से पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रामबाबू शर्मा को रोहतासनगर सीट से टिकट मिला है जबकि विधानसभा अध्यक्ष चौधरी प्रेम सिंह को अंबेडकरनगर से उम्मीदवार बनाया गया है। भाजपा के दो के मुकाबले कांग्रेस ने छह महिला उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है।
उल्लेखनीय है कि पार्टी ने विगत 25 अक्टूबर को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में प्रदेश के लिए गठित स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में लगभग 40 उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए थे। बाद में यह सूची मीडिया में लीक हो गई थी। अलबत्ता पार्टी ने इस सूची को लंबित रखा और फिर नए सिरे से बैठक कर मंगलवार को 48 उम्मीदवारों की सूची जारी की। आज जारी सूची में कमोबेश वही नाम हैं जो पिछली सूची (जो लीक हो गई थी) में थी।
राज्य विधानसभा की 70 सीटों के लिए आगामी 29 नवम्बर को चुनाव होने हैं।
48 उम्मीदवारों की सूची इस प्रकार है :
तिमारपुर-सुरेंद्र सिंह बिट्टो, आदर्श नगर-मंगत राम सिंघल, बादली-देवेंदर यादव, रिठाला-शंभू शर्मा, बवाना (अजा)- सुरेंद्र कुमार, सुल्तानपुर माजरा (अजा)- जय किशन, नांगलोई जाट- बिजेंदर सिंह, मंगोलपुरी (अजा)-राज कुमार चौहान, शकूर बस्ती- एस. सी. वत्स, त्रीनगर- अनिल भारद्वाज, माडल टाउन- कुंवर करन सिंह, चांदनी चौक-प्रहलाद सिंह साहनी, बल्लीमारान-हारुन यूसुफ, करोलबाग (अजा)- मदन खोड़वाल, पटेल नगर (अजा)- राजेश लिलोठिया।
मोतीनगर- अंजलि राय, मादीपुर (अजा)-मालाराम गंगवाल, राजौरी गार्डन-दयानंद चंदेला। जनकपुरी-दीपक अरोड़ा, विकासपुरी-नंद किशोर, उत्तम नगर-मुकेश शर्मा, द्वारका- महाबल मिश्र, मटियाला-सुमेश शौकीन, बिजवासन-विजय लोचव, पालम- महेंद्र यादव, दिल्ली कैंट-अशोक आहूजा, नई दिल्ली-शीला दीक्षित, मालवीय नगर-किरण वालिया, आर.के.पुरम- बरखा सिंह, छतरपुर- बलराम तंवर।
अंबेडकर नगर (अजा)- चौ. प्रेम सिंह, कालकाजी- सुभाष चोपड़ा, तुगलकाबाद-शीषपाल, बदरपुर-रामवीर सिंह बिधूड़ी, ओखला-परवेज हाशमी, त्रिलोकपुरी (अजा)-अंजना प्राचा, कोंडली (अजा)-अमरीश सिंह गौतम, पटपड़गंज-अनिल चौधरी, लक्ष्मी नगर-डा. ए.के. वालिया, विश्वास नगर-नसीब सिंह, कृष्णा नगर-दीपिका खुल्लर, गांधीनगर-अरविंदर सिंह लवली, शाहदरा-डा. नरेंद्र नाथ, सीमा पुरी (अजा)-वीर सिंह धिंगान, रोहतास नगर-रामबाबू शर्मा, सीलमपुर-चौ. मतीन अहमद, गोकलपुरी (अजा)-बलजोर सिंह, मुस्तफाबाद-हसन अहमद।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।