कांग्रेस जीती तो शीला के ही मुख्यमंत्री बनने के आसार
नई दिल्ली, 5 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के आसन्न विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने भले ही अपने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा न की हो लेकिन पार्टी यदि यह चुनाव जीत लेती है तो शीला दीक्षित के ही फिर से मुख्यमंत्री बनने की संभावनाएं अधिक है।
कांग्रेस नेताओं का मानना है कि बेशक पार्टी के अंदर ही 71 वर्षीय शीला दीक्षित के कई आलोचक व प्रखर विरोधी हैं लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का उनके प्रति विश्वास और दस वर्ष का कार्यकाल उनका सबसे मजबूत पक्ष है।
उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विजय कुमार मल्होत्रा को पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है जबकि कांग्रेस ने किसी को भी मुख्यमंत्री के रूप में प्रोजेक्ट नहीं किया है।
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री व कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता शकील अहमद से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "हमने किसी भी राज्य में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। लेकिन जो भी हमारा मौजूदा मुख्यमंत्री है, जाहिर तौर पर उसका पक्ष मजबूत रहेगा। शीला दीक्षित के बारे में भी ऐसा ही है।"
पार्टी के एक अन्य प्रवक्ता मनीष तिवारी का इस बारे में कहना है, "कांग्रेस में चुने गए विधायक ही मुख्यमंत्री का नाम तय करते हैं। यद्यपि हमने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की है लेकिन वैसे भी शीला दीक्षित 10 वर्षो से दिल्ली की मुख्यमंत्री रही हैं। इसलिए बहुत कुछ मामला स्पष्ट है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**