भूटान में होगी दुनिया के सबसे युवा सम्राट की ताजपोशी
थिम्पू, 5 नवंबर (आईएएनएस)। भूटान की राजधानी थिम्पू में गुरुवार को पवित्र घंटा ध्वनि और लामाओं द्वारा मंत्रों के उच्चारण के बीच 29 वर्षीय जिग्मे खेसर नम्गेल वांग्चुक की पांचवे नरेश के रूप में ताजपोशी होगी।
ऑक्सफोर्ड से शिक्षा प्राप्त वांग्चुक दुनिया के सबसे कम उम्र के सम्राट होंगे।
भूटान के प्रधानमंत्री जिग्मे थिनले ने संवाददाताओं को बताया,"भूटान में हर कोई राज्याभिषेक समारोह का बहुत बेताबी से इंतजार कर रहा है क्योंकि यह जनता के लिए बहुत मायने रखता है। भूटान में लोकतंत्र की स्थापना के बावजूद राजशाही को बेहद सम्मान, सद्भावना और विश्वास के साथ देखा जाता है।"
राज्याभिषेक ताशिछदजोंग किले में संपन्न होगा। इस समारोह में चौथे सम्राट जिग्मे सिंघे वांग्चुक अपने सबसे बड़े पुत्र को अपना उत्तराधिकारी नियुक्त करेंगे।
राज्याभिषेक समारोह में राष्ट्रपति प्रतिभा देवीसिंह पाटिल और कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत कई विदेशी हस्तियां शिरकत करेंगी।
थिम्पू के एक सामुदायिक नेता ने बताया, "हर कोई बहुत खुश है और बेताबी से राज्याभिषेक समारोह की प्रतीक्षा कर रहा है।"
इस मौके पर शाही मुद्रा प्राधिकरण नए करंसी नोट जारी कर रहा है। इन पर नए सम्राट का चित्र होगा।
गुरुवार के समारोह के बाद भूटान में तीन दिन तक राष्ट्रीय समारोह आयोजित किए जाएंगे। नए सम्राट को हालांकि अपने पूर्वजों की भांति निरंकुश अधिकार नहीं हासिल होंगे।
भूटान में सौ साल की राजशाही के बाद इस साल के आरंभ में लोकतंत्र की स्थापना हुई थी और यहां संसदीय चुनाव हुए थे।
सम्राट अब राष्ट्राध्यक्ष तो होता है लेकिन संसद दो-तिहाई बहुमत के साथ उसके खिलाफ महाभियोग ला सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*