उड़ीसा में इस्पात कारखाना परिसर में 20 लाख पेड़ लगाएगी पोस्को
भुवनेश्वर, 4 नवंबर (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया की इस्पात कंपनी पोस्को ने उड़ीसा में प्रस्तावित नए कारखाने के कारण हरियाली को होने वाले नुकसान की भरपाई करने के लिए 20 लाख नए पौधे लगाने का प्रस्ताव रखा है।
पोस्को कंपनी 12 अरब डॉलर की लागत से जगतसिंहपुर जिले में इस्पात कारखाना लगा रही है। जिले के वन अधिकारियों ने एक रिपोर्ट में कहा है कि इसके लिए 279,066 पेड़ों को काटा जाएगा।
पोस्को इंडिया लिमिटेड के उप प्रबंधक अविनाश तिवारी ने आईएएनएस से कहा ," कि हमने परियोजना स्थल पर 20 लाख पेड़ लगाने का प्रस्ताव किया है। यह संख्या काटे जाने वाले वृक्षों की संख्या से करीब सात गुनी अधिक है। उड़ीसा में किसी अन्य स्थान पर हम और जंगल लगाएंगे।"
कंपनी ने इस्पात कारखाने के लिए पर्यावरणीय मंजूरी मांगते समय परियोजना की 25 प्रतिशत भूमि में हरियाली कायम रखने की प्रतिबद्धता जताई थी।
तिवारी ने कहा कि पोस्को को ऐसा करने का अनुभव है। उसके दक्षिण कोरिया के गुआंगयांग कारखाने के परिसर में 19 लाख पेड़ लगे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।