आंध्र प्रदेश की छात्रा की अमेरिका में हत्या
हैदराबाद, 4 नवंबर (आईएएनएस)। आंध्रप्रदेश की रहने वाली एक 24 वर्षीय छात्रा अर्पणा जिनागा की अमेरिका के सिएटल में हत्या कर दी गई है। मंगलवार को अर्पणा के परिजनों ने इसकी जानकारी दी।
अर्पणा वहां 'मास्टर ऑफ सर्जरी' (एमएस) की पढ़ाई कर रही थी। उसकी अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी।
एक साल से कम समय के भीतर अमेरिका में रहस्यमय परिस्थितियों में मौत की शिकार हुई अर्पणा आंध्रप्रदेश की पांचवी नागरिक है।
अर्पणा के परिवार को यह दुखद समाचार सोमवार देर रात को मिला। परिजनों ने बताया कि सिएटल में अर्पणा के शव को उनके फ्लैट से बरामद किया गया। सिएटल में मौजूद रिश्तेदारों ने तीन दिनों से अपर्णा से संपर्क नहीं होने की सूचना पुलिस को दी।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि पुलिस को संदेह है कि अर्पणा की मौत तीन दिन पहले हुई थी।
जवाहरलाल नेहरू तकनीकी विश्वविद्यालय में प्रोफेसर अर्पणा के पिता बी. सी. जिनागा ने कहा कि उन्हें अभी पूरी जानकारी नहीं मिली है।
जिनागा ने कहा कि बेटी से संपर्क नहीं हो पाने के कारण उन्होंने सिएटल में अपने रिश्तेदारों को इसकी जानकारी दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।