लेसोथो ने की भारतीयों की सराहना
मसेरू, 4 नवंबर (आईएएनएस)। दक्षिणी अफ्रीकी देश लेसोथो के उप प्रधानमंत्री आर्किबैल्ड लीसाओ लेहोहला ने अपने देश में रचनात्मक योगदान के लिए स्थानीय भारतीय समुदाय की सराहना की है।
वे रविवार को राजधानी मसेरू स्थित मंथाबसेंग कन्वेंसन सेंटर में आयोजित 'इंडिया डे' समारोह को संबोधित कर रहे थे।
इस समारोह का आयोजन 'इंडियन एसोसिएशन ऑफ लेसोथो' और भारतीय उच्चायोग ने मिलकर किया था। भारत की सांस्कृतिक धरोहर और लेसोथो में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों के समकालीन विकास से जुड़े पहलु इस समारोह का मुख्य केंद्र थे।
इस अवसर पर लेसोथो के विदेश मंत्री मोहल्बी केनेथ टेस्कोआ ने कहा कि समय के साथ दोनों देशों के संबंधों में मजूबती आई है। उन्होंने लेसोथों में विकास और विभिन्न पेशेवरों को प्रशिक्षण देने में सहयोग के लिए भारत सरकार के प्रति आभार प्रकट किया।
दक्षिण अफ्रीका में भारत के उच्चायुक्त राजीव भाटिया ने भविष्य में दोनों देशों के संबंधों को और भी मजबूत बनाने पर बल दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।