अपनों से ही विरोध झेल रही हैं वसुंधरा
जयपुर, 4 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी की राजस्थान इकाई में राज्य के अगले मुख्यमंत्री को लेकर घमासान की स्थिति है। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को अगले मुख्यमंत्री के रूप में पेश तो कर दिया है, लेकिन पार्टी के कई नेता व कार्यकर्ता इस पसंद के खिलाफ बताए जाते हैं।
पार्टी हाईकमान वसुंधरा के खिलाफ पार्टी में बढ़ रहे असंतोष को लेकर चिंतित है। एक तरफ कुछ नेता वसुंधरा की कार्यशैली को लेकर शिकायत करते हैं, तो दूसरी ओर कुछ नेता उनकी सहज अनुपलब्धता को लेकर नाराज हैं।
नाम न छापने की शर्त पर भाजपा के एक कार्यकर्ता ने बताया कि यहां एक ऐसे नेता की जरूरत है, जो हमेशा कार्यकर्ताओं के संपर्क में रहे। एक अन्य भाजपा कार्यकर्ता के अनुसार वसुंधरा अभी भी महारानी की तरह लोगों के साथ पेश आती हैं। पार्टी के कुछ नेता उनके ऊपर भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाते हैं।
एक वरिष्ठ भाजपा नेता के मुताबिक मुख्यमंत्री के प्रत्याशी का चयन लोकतांत्रिक तरीके से किया जाना चाहिए। उसे थोपा नहीं जाना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*