दक्षिण कोरिया ने की 11 अरब डालर राहत पैकेज की घोषणा
सिओल, 3 नवंबर (आईएएनएस)। आर्थिक संकट से जूझ रहे दक्षिण कोरिया ने देश की व्यवस्था को पटरी पर लाले के लिए सोमवार को 11 अरब डालर(14 लाख करोड़ वॉन) के एक राहत पैकेज की घोषणा की।
दक्षिण कोरिया ने एक दशक पहले ही अपनी अर्थव्यवस्था को सुधारने के लिए अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष से मदद की गुहार की थी।
वित्त मंत्रालय के अनुसार अगले वर्ष सार्वजनिक खर्च के ही 11 लाख करोड़ वॉन होने की संभावना है। बाकी 3 लाख करोड़ वॉन कर राहतों में चला जाएगा।
वित्तमंत्री कांग मैन सू के अनुसार वैश्विक आर्थिक संकट के कारण अगले वर्ष दक्षिण कोरिया की अर्थव्यवस्था में मात्र 3 प्रतिशत की वृद्धि होगी। यदि वैश्विक आर्थिक हालात और बिगड़े तो विकास दर हासिल कर पाना कठिन हो जाएगा।
वित्तंत्री सू ने पिछले महीने अगले वर्ष के लिए 4 प्रतिशत से नीचे के विकास दर की भविष्यवाणी की थी।
बहरहाल, सोमवार को घोषित किए गए इस राहत पैकेज में से 4 लाख करोड़ वॉन अवसंरचना परियोजनाओं पर खर्च किए जाने की योजना है। इसमें सड़क, स्कूल, विश्वविद्यालय व अस्पताल शामिल होंगे। छोटे व मध्यम दर्जे के कारोबार, किसान, मच्छीमार व कम आय वाले परिवारों को भी लाभ पहुंचाया जाएगा।
सरकार ने दो सप्ताह पहले 5लाख करोड़ वॉन के एक और राहत पैकेज की घोषणा की थी। इसका लक्ष्य उद्योगों का विकास था। कोरिया की नेशल एसेंबली ने अक्टूबर के अंत में देश के वित्तीय क्षेत्र की मजबूती के लिए 130 अरब डालर के एक पैकेज को मंजूरी दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।