दिल्ली स्थित महाराष्ट्र सदन में हंगामा
नई दिल्ली, 3 नवंबर (आईएएनएस)। शिवसेना से टूट कर अलग हुए राष्ट्रवादी शिवसेना के कार्यकर्ताओं के एक समूह ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सोमवार को राजधानी दिल्ली स्थित महाराष्ट्र सदन में जमकर हंगामा मचाया और तोड़फोड़ की।
सदन के अधिकारियों के मुताबिक लगभग राष्ट्रवादी शिवसेना के लगभग 20-25 कार्यकर्ताओं का समूह दोपहर 12 बजे बलपूर्वक सदन में घुस आया। ये कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता गोपीनाथ मुंडे से मिलने की मांग कर रहे थे। मुंडे महाराष्ट्र सदन में ठहरे हुए थे।
महाराष्ट्र सदन के प्रबंधक ज्योति डेनिसन ने आईएएनएस को बताया, "सभी कार्यकर्ता सदन के भीतर घुस आए। उन्हें जब यह बताया गया कि मुंडे सदन छोड़कर जा चुके हैं तो वे उग्र हो गए। उन्होंने सदन के आगंतुक कक्ष और मीडिया रूम के फर्नीचर को तोड़ डाला।"
उन्होंने बताया कि सभी कार्यकर्ता राज ठाकरे और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।
पुलिस ने इस संदर्भ में राष्ट्रवादी शिवसेना के तीन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। इस हमले को महाराष्ट्र में उत्तर भारतीयों पर हुए हमलों से जोड़कर देखा जा रहा है।
इस बीच, राष्ट्रवादी शिवसेना के अध्यक्ष जय भगवान गोयल ने एक मराठी समाचार चैनल से कहा कि उत्तर भारतीयों पर यदि इसी प्रकार हमले होते रहे तो दिल्ली स्थित महाराष्ट्र के सभी 48 सांसदों के निवासों को अगला निशाना बनाया जाएगा और इन सांसदों का दिल्ली में रहना दूभर कर दिया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।