अपने समर्पण के लिए याद किए जाएंगे कुंबले : श्रीकांत
नई दिल्ली, 2 नवंबर (आईएएनएस)। बीसीसीआई की चयन समिति के अध्यक्ष के. श्रीकांत ने कहा कि अनिल कुंबले को उनके समर्पण के लिए हमेशा याद रखा जाएगा।
कुंबले के संन्यास के फैसले से हैरान श्रीकांत ने फिरोजशाह कोटला मैदान पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा, "मेरे लिए यह भावनात्मक क्षण है क्योंकि आज भारत का महानतम क्रिकेटर संन्यास ले रहा है। कुंबले एक महान क्रिकेटर हैं और भारतीय टीम और क्रिकेट प्रेमी उन्हें हमेशा याद करेगी।"
श्रीकांत के मुताबिक आने वाली पीढ़ियों के लिए कुंबले प्रेरणा के स्रोत बने रहेंगे। उन्होंने कहा, "मैंने आज तक उनसे ज्यादा समर्पित खिलाड़ी नहीं देखा। आने वाली पीढ़ियां उन्हें इसी खासियत के लिए याद करेंगी।"
श्रीकांत ने बतौर कप्तान कुंबले की तारीफ की। उन्होंने कहा, "एक कप्तान के तौर पर कुंबले ने सच्चे दूत के रूप में काम किया। भारतीय टीम जब आस्ट्रेलिया गई थी, तब कुंबले ने विवादों के बीच जबरदस्त संयम और परिपक्वता का परिचय दिया था।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।