चुनाव में बसपा और क्षेत्रीय दलों का समर्थन करेंगे वाम दल
नई दिल्ली, 2 नवंबर (आईएएनएस)। आने वाले विधानसभा चुनावों में वाम दल बहुजन समाज पार्टी (बसपा), जनता दल सेक्युलर (जेडी-एस) और अन्य क्षेत्रीय धर्मनिरपेक्ष दलों का समर्थन करेंगे।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के महासचिव ए. बी. बर्धन ने रविवार को पत्रकारों से कहा कि जिन राज्यों में चुनाव होने हैं वहां वाम दल अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए कुछ सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।
बर्धन पार्टी की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिए गए फैसले की जानकारी दे रहे थे। उन्होंने कहा कि वाम दल कांग्रेस या भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का समर्थन नहीं करेंगे।
यद्यपि, उन्होंने कहा कि बसपा प्रमुख और उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने वाम दलों के समर्थन के लिए संपर्क नहीं किया है।
बर्धन ने अगले साल होने वाले आम चुनाव से पहले मजबूत तीसरे विकल्प की संभावना जताते हुए कहा कि विधानसभा चुनावों के बाद की स्थिति पर उनकी नजर है।
भाकपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में गठबंधन के बारे में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के साथ मिलकर कदम उठाने की बात कही गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।