संसद में व्यवधान केलिए खंडित जनादेश जिम्मेदार : चटर्जी
नई दिल्ली, 2 नवंबर (आईएएनएस)। लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी ने संसद की कार्यवाही में लगातार पैदा होने वाले व्यवधान के लिए खंडित जनादेश को प्रमुख रूप से जिम्मेदार ठहराया है।
'संसदीय लोकतंत्र की मजबूती' विषय पर शनिवार को यहां आयोजित एक गोलमेज सम्मेलन में चटर्जी ने कहा कि किसी भी राष्ट्रीय मुद्दे पर संसद में गंभीरता से चर्चा नहीं हो पाती।
लोकसभा अध्यक्ष के अनुसार संसद में 37 पार्टियों की उपस्थिति और उनके द्वारा अपने हितों की सदन में अभिव्यक्ति के कारण ज्यादातर समय शोरशराबे में बरबाद हो जाता है।
चटर्जी ने कहा कि वर्तमान संसद की कार्यप्रणाली में कोई न कोई गड़बड़ी जरूर है। इसे सुधारने के लिए कुछ करने की जरूरत है। जो लोग वाकई में राष्ट्र के प्रति समर्पित हैं, उन्हें इसके लिए आगे आना होगा।
इस सम्मेलन में चटर्जी के अलावा संयुक्त राष्ट्र के पूर्व संयुक्त महासचिव शशि थरूर, इनफोसिस के संस्थापक एन.आर. नारायणमूर्ति व सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व प्रधान न्यायाधीश ए.एम. अहमदी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।