मेट्रो निर्माण स्थल पर दुर्घटना, 2 घायल (लीड-1)
नई दिल्ली, 2 नवंबर (आईएएनएस)। दक्षिण दिल्ली में रविवार को मूलचंद फ्लाईओवर के समीप मेट्रो निर्माण स्थल पर लोहे की छड़ गिरने से दो लड़कियां घायल हो गईं।
दिल्ली मेट्रो के प्रवक्ता अनुज दयाल ने बताया कि शनिवार रात लगभग 8.30 बजे मेट्रो के एक खंभे पर लगी लोहे की छड़ वहां से गुजर रहीं लड़कियों पर गिर गई।
दयाल ने बताया कि घायलों में तीन और 18 वर्ष की दो लड़कियां हैं। उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती करवाया गया। छोटी लड़की के सर में चोट लगी थी। उसे टांके लगाने पड़े। थोड़ी देर बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
दयाल ने कहा कि दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि लापरवाही का कोई सबूत नहीं मिला है। बावजूद इसके मुख्य अभियंता मामले की जांच करेंगे।
पिछले माह राजधानी के लक्ष्मी नगर इलाके में एक मेट्रो निर्माण स्थल पर हुई दुघटना में दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 30 लोग घायल हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।