बिहार में छठ पर्व पर लाखों महिलाओं ने लगाई विभिन्न नदियों में डुबकी
पटना, 2 नवंबर (आईएएनएस)। रविवार से शुरू हुए हिंदुओं के चार दिवसीय त्योहार छठ पर्व पर बिहार भर में लाखों महिलाओं ने पवित्र गंगा व कोसी नदी में डुबकी लगाई और सूर्य की प्रार्थना की।
गंगा, पुनपुन, गंडक व कोसी नदियों के किनारे रविवार तड़के ही श्रद्धालुओं, खासकर महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने पहले स्नान किया, फिर हस्तनिर्मित मिट्टी के चूल्हों पर शाकाहारी भोजन पकाए। महिलाएं इस दौरान सूर्य देव को समर्पित पारंपरिक गीत गाती रहीं।
कमला सिंह नामक एक महिला ने बताया कि खाना पकाने के पहले अपने को पवित्र करने के लिए स्नान किया जाता है। परंपरागत भाषा में इसे 'नहाई-खाई' कहते हैं। खाने के रूप में मिट्टी के चूल्हे पर लकड़ी की आंच से बिना लहसुन व प्याज के लौकी की सब्जी व चावल पकाया जाता है।
सभी श्रद्धालु सोमवार को खरना की रस्म निभाएंगे। इसके तहत मीठे व्यंजन पकाए जाते हैं। उसके बाद मंगलवार को भगवान सूर्य को अघ्र्य दिया जाएगा।
इस त्योहार के लिए शादीशुदा महिलाएं 36 घंटे का व्रत रखती हैं। श्रद्धालु परंपरागत रूप से सूर्य को गेहूं, दूध, गन्ना, केला व नारियल अर्पित करते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।