अमेरिकी शेयर बाजारों में तेजी
नई दिल्ली, 1 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका के प्रमुख बैंक जेपी मार्गन के आवास ऋणों के भुगतान के बारे में नरम रवैया अपनाए जाने के बाद वाल स्ट्रीट के शेयर बाजारों में शुक्रवार को भारी तेजी आई।
जेपी मार्गन ने कहा है कि वह 110 अरब डॉलर के मार्गेज कर्जो के लिए नीलामी की कार्रवाई को स्थगित करेगा। इस घोषणा के बाद वित्तीय शेयरों में 12 प्रतिशत की भारी वृद्धि हुई।
गौरतलब है कि वर्ष 2007 के बाद से रिकार्ड 30 लाख मार्गेज नीलामी हुई है। इसके कारण वित्तीय संस्थानों को 500 अरब डॉलर से अधिक का नुकसान हुआ है।
डाउ जोंस औद्योगिक सूचकांक में शुक्रवार को 144.32 अंकों (1.57 प्रतिशत) की वृद्धि हुई और यह 9,325.01 पर पहुंच गया। स्टैंडर्ड एंड पुअर 500 सूचकांक में 14.66 अंकों (1.54 फीसदी)की बढ़ोत्तरी हुई। नैस्डैक में 22.43 अंकों (1.32 फीसदी)की वृद्धि हुई।
स्टैंडर्ड एंड पुअर में 1974 के बाद पहली बार 10 प्रतिशत की साप्ताहिक वृद्धि हुई।
जापानी येन के मुकाबले डॉलर की कीमत में मामूली कमी हुई और यह गुरुवार के 98.58 येन प्रति डॉलर की तुलना में शुक्रवार को 98.47 येन प्रति डॉलर पर था। यूरो के मुकाबले में डॉलर की कीमत में थोड़ी बढ़ोत्तरी हुई और शुक्रवार को डॉलर की कीमत 78.58 यूरो प्रति डॉलर थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*