जूदेव के बेटे ने अपनी ही पार्टी के नेता की पिटाई की
रायपुर, 1 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता दिलीप सिंह जूदेव के पुत्र व चंद्रपुर विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार युद्धवीर सिंह ने शुक्रवार को अपनी ही पार्टी के एक नेता की जमकर पिटाई कर दी। नेताजी की गलती सिर्फ इतनी थी कि उन्होंने युद्धवीर के लिए चुनाव प्रचार करने से मना कर दिया था।
पुलिस के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "युद्धवीर ने पार्टी के नेता डा. विश्वाल की शुक्रवार को निर्ममतापूर्वक पिटाई की, जिससे उनका बायां पैर टूट गया है। विश्वाल ने युद्धवीर के लिए चुनाव प्रचार करने से इनकार कर दिया था।"
कुछ भाजपा नेताओं ने इस संबंध में चंद्रपुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
भाजपा ने चंद्रपुर विधानसभा सीट से युद्धवीर को चुनाव मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के संयुक्त उम्मीदवार नोबेल वर्मा से है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*