असम विस्फोट : मृतकों की संख्या 71 पहुंची, 12 से अधिक हिरासत में
गुवाहाटी, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। असम में गुरुवार को हुए सिलसिलेवार बम विस्फोटों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 71 हो गई है। घायलों में से सात ने गुरुवार देर रात दम तोड़ दिया। वहीं पूछताछ के लिए राज्य के विभिन्न इलाकों से 12 से अधिक लोगों को हिरास्त में लिया गया है।
असम सरकार के एक प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया, "असम के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती घायलों में से सात ने गुरुवार देर रात दम तोड़ दिया।"
दूसरी ओर धमाकों की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने 12 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। असम के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "हम मामले की जांच कर रहे हैं। "
केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल स्थिति का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को गुवाहाटी आ रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि गुवाहाटी समेत कोकराझार और बोंगाईगांव जिले में गुरुवार को एक घंटे के भीतर 12 बम विस्फोट हुए। गुवाहाटी में छह, बारपेटा, कोकराझार और बोंगाईगांव में छह धमाके हुए।
सिलसिलेवार बम विस्फोटों में कम से कम 71 लोग मारे गए और लगभग 300 घायल हो गए। कई घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घायलों के बारे में असम के स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिश्व शर्मा ने आईएएनएस को बताया कि घायलों का राज्य के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि आवश्यकता होने पर घायलों को दिल्ली या अन्य जगहों में भी ले जाया जा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*