हिंद महासागर में हर 600 वर्ष बाद दस्तक देती है सुनामी !
न्यूयार्क, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। चार वर्ष पहले हिंद महासागर से उठी सुनामी लहरों के कहर को भला कौन भूल सकता है, लेकिन यह कोई पहला मौका नहीं था जब सुनामी ने तबाही मचाई हो। यह पहले भी इस तरह का कहर बरपा चुकी थी और संभव है कि आगे भी बरपाएगी।
इंडोनेशिया के केंट स्टेट विश्वविद्यालय के पूर्व भूवैज्ञानिक केरिन मोनेके की अगुवाई में हुए एक शोध में इस बात का पता चला है कि हिंद महासागर में सूनामी की लहरें हर 600 से 700 वर्ष बाद भयावह रूप में उठती हैं।
सुनामी पर शोध करने वाली एक अन्य टीम का कहना है कि सुनामी हर 1300 से 1400 वर्ष में पूरे क्षेत्र में तबाही मचाती है। दोनों टीम के शोधकर्ताओं ने यह पाया कि सुनामी पिछले 2,500 वर्षो के दौरान कई बार कहर बरपा चुकी है।
गौरतलब है कि वर्ष 2004 में आई सुनामी ने 200,000 से अधिक लोगों को मौत की नींद सुला दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**