अमर सिंह ने राज ठाकरे की तुलना हिटलर से की
नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। समाजवादी के पार्टी के महासचिव अमर सिंह ने उत्तर भारतीयों पर हमले का षड़यंत्र रचने वाले महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना(एमएनएस) प्रमुख राज ठाकरे की तुलना हिटलर से की है।
मध्यप्रदेश, राजस्थान तथा जम्मू-कश्मीर विधान सभा चुनावों के लिए अपनी पार्टी के प्रत्याशियों की सूची जारी करते हुए सिंह ने कहा कि जो काम आज राज ठाकरे कर रहे हैं, वही काम हिटलर ने कभी जर्मनी में किया था।
सिंह ने कहा कि राज ठाकरे भी हिटलर की तरह मानसिक रूप से बीमार हैं। राज ठाकरे की हरकत सीधे रूप में आतंकवाद है और यह देश की एकता के लिए खतरनाक साबित हो सकती है।
अमर सिंह के मुताबिक समाजवादी पार्टी महाराष्ट्र में उत्तरभारतीयों पर हमलों के मामले में केंद्र सरकार के रवैए से संतुष्ट नहीं है। लेकिन पार्टी सरकार से समर्थन वापस नहीं लेगी।
सिंह ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ किसी गठबंधन की संभावना से इनकार किया।
उन्होंने मध्यप्रदेश के लिए 111 व राजस्थान के लिए 23 प्रत्याशियों की सूची जारी की। मध्यप्रदेश में 27 नवंबर तथा राजस्थान में 4 दिसंबर को चुनाव होने हैं।
सिंह ने जम्मू-कश्मीर के लिए भी 28 प्रत्याशियों की सूची जारी की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।