मैं छठ पूजा के खिलाफ नहीं : राज ठाकरे
मुंबई, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने शुक्रवार को कहा कि वे छठ जैसे किसी भी धार्मिक आयोजन के खिलाफ नहीं हैं बशर्ते कि उसका 'राजनीतिकरण' नहीं किया जाए।
पिछले हफ्ते की गिरफ्तारी और मुंबई सहित महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में गैर मराठियों पर हिंसक हमलों के बाद पहली बार मीडिया से मुखातिब राज ने कहा कि छठ पूजा जैसे धार्मिक आयोजनों को 'राजनीतिक तमाशा' नहीं बनाया जाना चाहिए।
राज ने कहा, "शिवाजी पार्क में बचपन से ही मैं दुर्गापूजा और रामलीला जैसे समारोहों में हिस्सा लेता रहा हूं। मेरे बयान को तोड़मरोड़ कर पेश किया गया, जिससे लगा कि मैं छठ पूजा के खिलाफ हूं।"
गौरतलब है कि छठ पूजा बिहार का एक प्रमुख धार्मिक उत्सव है और मुंबई में भी अगले सप्ताह विभिन्न स्थानों पर यह पर्व मनाया जाएगा। हाल ही में उत्तर भारतीयों पर मनसे कार्यकर्ताओं के हमले के बाद मुंबई में छठ मनाने को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*