असम विस्फोट : मृतकों की संख्या 77 हुई, 12 से अधिक हिरासत में (लीड-1)
गुवाहाटी, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। असम में गुरुवार के सिलसिलेवार बम विस्फोटों में घायल 13 अन्य लोगों के दम तोड़ देने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 77 हो गई है जबकि पुलिस ने पूछताछ के लिए 12 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है।
असम के गृह आयुक्त सुभाष दास ने शुक्रवार को बताया, "विभिन्न अस्पतालों में कई घायलों के दम तोड़ देने की वजह से मृतकों की संख्या बढ़कर 77 हो गई है।"
इसबीच धमाकों की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने 12 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। असम के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "मामले की जांच सही दिशा में चल रही है और हम जिम्मेदार लोगों या समूहों का पता लगाने में सफल होंगे।"
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने शुक्रवार को गुवाहाटी में विस्फोट वाले स्थलों का दौरा किया और अस्पतालों में घायलों से मुलाकात की। हालांकि यहां उन्हें वकीलों का विरोध सहना पड़ा।
वकीलों के एक समूह ने आडवाणी के गुवाहाटी दौरे पर विरोध प्रदर्शित करते हुए कहा कि वे नहीं चाहते कि राजनीतिज्ञ आएं और हालात का राजनीतिकरण करें।
दूसरी ओर आडवाणी ने विस्फोटों के लिए केंद्र और असम सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने अवैध बांग्लादेशी नागरिकों का मामला एक बार फिर उठाया।
केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल भी स्थिति का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को गुवाहाटी आ रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि गुवाहाटी समेत कोकराझार और बोंगाईगांव जिले में गुरुवार को एक घंटे के भीतर 12 बम विस्फोट हुए। गुवाहाटी में छह तथाा बारपेटा, कोकराझार और बोंगाईगांव में छह धमाके हुए। इनमें 77 लोग मारे गए और लगभग 300 घायल हो गए। कई घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
असम के स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिश्व शर्मा ने आईएएनएस को बताया कि घायलों का राज्य के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर घायलों को दिल्ली या अन्य जगहों में भी ले जाया जा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*