मनसे के विरोध में सपाइयों ने ट्रेन रोकी
इस कारण करीब आधे घंटे तक रेल यातायात प्रभावित रहा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में बैनर-पोस्टर और तख्ते थे, जिन पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) विरोधी नारे लिखे हुए थे। यही नहीं राज ठाकरे के विरोध में भी सपाइयों ने जमकर नारेबाजी की।
उत्तर भारतीयों पर हमलों के विरोध में सपा कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से जुलूस के रूप में निकले और प्रयाग रेलवे स्टेशन पहुंच गये। यहां पर सभी ने इलाहाबाद-लखनऊ रेलमार्ग जाम कर दिया। इस दौरान यहां से लखनऊ जाने वाली गंगा गोमती एक्सप्रेस को करीब आधे घंटे की देरी से रवाना किया गया।
इसके अलावा सपाइयों के जाम के चलते वाराणसी और गोरखपुर से इलाहाबाद आने वाली रेलों का परिचालन भी प्रभावित हुआ।
प्रदर्शन के दौरान सपा जिलाध्यक्ष कमल सिंह यादव ने कहा कि सपा मुंबई में उत्तर-भारतीयों पर हो रहे हमलों को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि कल पार्टी पूरे शहर में एक शांति जुलूस निकालकर जिलाधिकारी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपेगी। ट्रेनों के संचालन में आये व्यवधान पर उत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) चाहते राम ने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया।