धर्मदेव की हत्या के विरोध में संत कबीरनगर बंद
संत कबीरनगर/लखनऊ, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुंबई की एक लोकल ट्रेन में धर्मदेव राय की पीट-पीट कर हत्या किए जाने के विरोध में गुरुवार को उत्तरप्रदेश के संत कबीरनगर जिले में बंद का आह्वान किया गया।
धर्मदेव संत कबीरनगर जिले का निवासी था। गत मंगलवार को अपने तीन साथियों के साथ मुंबई के कुर्ला रेलवे स्टेशन जाते समय एक लोकल ट्रेन में कुछ लोगों ने उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। घटना के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) और 'भूमिहार महासभा' ने बंद का आह्वान किया है।
भाजयुमो के जिला अध्यक्ष श्याम सिंह ने केंद्र सरकार से मुंबई में उत्तर भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
उधर, घटना से नाराज 'अखिल भारतीय भोजपुरी समाज'(एबीबीएस) के लोगों ने लखनऊ में विधानसभा के सामने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे के खिलाफ जमकर नारे लगाए।
इस दौरान एबीबीएस के अध्यक्ष प्रभुनाथ राय ने कहा कि जो फिल्म अभिनेता राज ठाकरे के समर्थन में आएगा, उसकी फिल्में उत्तरप्रदेश और बिहार में नहीं चलने दी जाएंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।