सिक्किम और उत्तरी पश्चिम बंगाल में हाई अलर्ट
सिलीगुड़ी, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। असम में गुरुवार को हुए सिलसिलेवार बम विस्फोटों के बाद सिक्किम और उत्तरी पश्चिम बंगाल में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। इन क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है और गहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
सिक्किम के पुलिस महानिदेशक अक्षय कुमार सचदेवा ने आईएएनएस से कहा कि पश्चिम बंगाल की सीमा से लगे राज्य के सभी जिलों में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि सभी जिलों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को रोंग्पो और मल्ली में विशेष जांच के लिए आदेश भेज दिया गया है।
पुलिस महानिरीक्षक (उत्तरी बंगाल) कुंदल लाल तमता ने आईएएनएस से कहा कि जांच में खोजी कुत्तों की सहायता ली जा रही है और उत्तर बंगाल के जिलों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है।
भारत-बांग्लादेश की सीमा पर निगरानी रखने वाले सीमा सुरक्षा बल और सशस्त्र सीमा बल, जो नेपाल और भूटान की सीमा पर निगरानी करता है, को भी अलर्ट कर दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।