अमेरिकी अर्थव्यवस्था में तीसरी तिमाही में 0.3 फीसदी की गिरावट (लीड-1)
वाशिंगटन, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिकी अर्थव्यवस्था में वर्तमान वर्ष की तीसरी तिमाही में 0.3 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। यह पिछले सात सालों में सबसे अधिक गिरावट है।
अर्थव्यवस्था में आई गिरावट का कारण वैश्विक वित्तीय संकट है, जिस कारण कर्ज लेने और देने की प्रक्रिया प्रभावित हुई है।
'ब्यूरो ऑफ इकनोमिक एनालसिस' के शुरुआती अनुमानों में पहली छमाही में देश में मंदी की बात कही गई थी। दो लगातार तिमाहियों में अर्थव्यवस्था में गिरावट के कारण मंदी की घोषणा की जाती है। लेकिन यह आंकड़ा अनुमान से थोड़ा बेहतर है। अर्थशास्त्रियों ने अर्थव्यवस्था में 0.5 फीसदी की गिरावट का अनुमान लगाया था।
विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में दूसरी तिमाही में 2.8 फीसदी की वार्षिक दर से विकास दर्ज किया गया था। अर्थव्यवस्था में विकास के पीछे मजबूत निर्यात और मार्च में कांग्रेस द्वारा मंजूर 170 अरब डालर का वह पैकेज है जिसे उपभोक्ताओं की क्रय शक्ति बढ़ाने के लिए दिया गया था।
अमेरिकी अर्थव्यवस्था का दो-तिहाई हिस्सा उपभोक्ता खर्च से संबंधित है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।