मालेगांव केस: रिटायर्ड मेजर गिरफ्तार
पुलिस ने मंगलवार देर शाम सेना से रिटायर्ड मेजर रमेश उपाध्याय और प्रिंटिंग प्रेस में कार्यरत समीर कुलकरनी को गिरफ्तार किया। 29 सितम्बर को मालेगांव में हुए धमाकों की छानबीन युद्धस्तर पर जारी है। पुलिस ने सेना मुख्यालय से मंजूरी लेने के बाद सेना में कार्यरत व मध्यप्रदेश में तैनात एक जवान से पूछताछ की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
एटीएस अधिकारियों के मुताबिक मेजर उपाध्याय पहले सेना के खुफिया विभाग में कार्यरत थे। उन्होंने ही साधवी प्रज्ञा सिंह ठाकुर और दो अन्य को बम बनाने का प्रशिक्षण दिया था।
बुधवार को उपाध्याय और कुलकरनी को नासिक कोर्ट में पेश किया जाएगा। एटीएस के मुताबिक उपाध्याय भारतीय जनता पार्टी की सेवानिवृत्त इकाई के प्रमुख भी रह चुके हैं, जिन्हें उच्च नेताओं ने पद से हटा दिया था।
प्रज्ञा, शामलाल साहू और शिवनारायण सिंह से गहन पूछताछ के दौरान उपाध्याय का नाम उजागर हुआ था। विहिप और आरएसएस के सूत्रों के मुताबिक कुलकरनी को चाणक्य कहा जाता था। दो साल पहले भोपाल से महाराष्ट्र आया कुलकरनी एक गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) चला रहे थे।