लालू ने दी रेल सेवा रद्द करने की चेतावनी
नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुंबई में एक ट्रेन में उत्तरप्रदेश के युवक को पीट-पीट कर मार डालने की घटना के बाद रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने हिंसाग्रस्त राज्य में रेल सेवा रद्द करने की चेतावनी दी है।
लालू ने कहा, "यदि हिंसा जारी रहती है तो हमें विचार करना होगा। ऐसे में राज्य में ट्रेनों का संचालन रद्द करना पड़ सकता है।"
मंगलवार रात को मुंबई की उपनगरीय रेल में धर्मदेव रामनारायण राय नामक 25 वर्षीय युवक को उत्तर भारतीय होने के कारण कुछ लोगों ने पीट-पीट कर मार डाला था। इससे एक दिन पहले बिहार के एक युवक को पुलिस ने गोली मार दी थी।
लालू ने कहा कि स्थिति बदतर होती जा रही है। उत्तर भारत के लोग सही मायने में चिंतित हैं। उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से भी बात की है। इस मामले में कठोर कार्रवाई की जरूरत है।
उन्होंने शिव सेना प्रमुख बाल ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे पर देश को तोड़ने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।