पाकिस्तान में शक्तिशाली भूकंप में 21 मरे कई घायल (लीड-2)
इस्लामाबाद, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के दक्षिणी पश्चिमी हिस्से में बुधवार तड़के आए शक्तिशाली भूकंप में 21 लोग मारे गए और कई घायल हो गए। यह जानकारी मीडिया की खबरों में दी गई।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार अमेरिकी भूसर्वेक्षण विभाग की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक बलूचिस्तान की राजधानी क्वे टा से 60 किलोमीटर दूर तड़के 5.10 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.4 मापी गई।
टेलीविजन चैनल डॉन न्यूज ने स्थानीय प्रशासन के हवाले से खबर दी है कि बलूचिस्तान के जियारत जिले में भूकंप के शक्तिशाली झटकों की वजह से कई मकान ढह गए। मलबे में दब जाने से यहां कम से कम 17 लोग मारे गए और कई अन्य के अभी तक मलबे में दबे होने की आशंका है। चैनल के मुताबिक पिशिन जिले में भी चार लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है।
भूकंप की वजह से बलूचिस्तान में कई स्थानों पर चट्टाने खिसक गईं और प्रशासन को आशंका है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।
इससे पहले आठ अक्टूबर 2005 को कश्मीर और पाकिस्तान के पर्वतीय क्षेत्र में शक्तिशाली भूकंप में कम से कम 73,000 लोग मारे गए थे और 35 लाख से ज्यादा बेघर हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*