मुंबई में बिहार के युवक को पुलिस ने किया ढेर (लीड-2)
मुंबई/नागपुर/नई दिल्ली, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र पुलिस ने सोमवार को डबल डेकर बस में सवार रिवाल्वर से लैस युवक को गोलियों से ढेर कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे को मारने की धमकी दी। उसे काबू में करने के लिए पुलिस को गोली चलानी पड़ी। युवक की पहचान पटना के राहुल राज के रूप में हुई है।
इधर, दिल्ली में इस मुद्दे पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में प्रधानमंत्री से बिहार के नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल मिला। इस प्रतिनिधिमंडल में रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव और रसायन व उर्वरक मंत्री रामविलास पासवान भी शामिल थे।
बहरहाल, पुलिस की इस कार्रवई पर सवाल उठने लगे हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पुलिस की इस कार्रवाई की निंदा की है तो महाराष्ट्र के गृह मंत्री आर. आर. पाटिल ने पुलिस के कदम को उचित बताया है। इस बीच, राज्य सरकार ने राज ठाकरे की सुरक्षा फिर बढ़ा दी है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सदानंद दाते ने कहा कि राहुल नामक युवक के पास अवैध हथियार था। उसने सार्वजनिक स्थल पर रिवाल्वर तान दी और गोलीबारी की। पुलिस कार्रवाई में वह मारा गया।
लोक परिवहन सेवा के एक प्रवक्ता ने बताया कि राहुल कुर्ला से अंधेरी की ओर जाने वाली रूट संख्या 332 के एक डबल डेकर बस पर सवार हुआ। बस के कंडक्टर महेन्द्र एम गुहे ने जब उसे टिकट लेने को कहा तो उसने रिवाल्वर निकाल गुहे के सिर पर तान दी। राहुल ने गुहे को पकड़ लिया और उसे चेन से बांध दिया।
इस बीच बस के एक अन्य कंडक्टर ने बस रुकवाई और पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने पूरे बस को घेर लिया और राहुल को सरेंडर करने को कहा। लेकिन राहुल ने 'जय बिहार, जय पटना' का नारा लगाते हुए हवाई फायरिंग भी की। इसके जवाब में हुई पुलिस फायरिंग में राहुल वहीं ढेर हो गया।
उधर, नागपुर में पाटिल ने संवाददाताओं से बातचीत में पुलिस की कार्रवाई को उचित ठहराया है। उन्होंने कहा कि पुलिस के पास उसे मारने के अलावा और कोई उपाय नहीं था। उन्होंने कहा कि गोली का जवाब गोली से ही दिया जाएगा।
उधर प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से बातचीत में नीतीश कुमार ने इस कार्रवाई की निंदा की। उन्होंने कहा कि राहुल को मारने की बजाए पुलिस को उसे धर दबोचना चाहिए था।
उन्होंने कहा, "वीडियो फुटेज देखने से लगता है कि राहुल को आसानी से पकड़ा जा सकता था।"
इस घटना के मद्देनजर प्रदेश सरकार ने राज ठाकरे की सुरक्षा फिर बढ़ा दी है। उन्हें जेड श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। कुछ दिनों पहले ही राज की सुरक्षा वाई श्रेणी की कर दी गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।