इस बार 168,000 भारतीय करेंगे हज
दुबई , 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। इस बार भारत से रिकार्ड 168,000 हज यात्री हज के लिए सऊदी अरब पहुंचेंगे।
सऊदी अरब के शहर जेद्दा में भारत के महावाणिज्य दूत सैयद अहमद बाबा ने स्थानीय मीडिया को बताया कि इस वर्ष भारत के कुल 168,000 हज यात्रियों में हज समिति के जरिए आने वाले यात्रियों की संख्या 123,211 है।
बाबा ने कहा, "भारत से हज यात्रियों को लेकर पहली उड़ान 30 अक्टूबर को सऊदी अरब पहुंचेगी। भारतीय दूतावास सभी हज यात्रियों के लिए बेहतर से बेहतर सेवा मुहैया कराने के लिए तैयार है।"
दरअसल भारत सरकार ने हज यात्रियों की उचित देखभाल के लिए पांच वरिष्ठ अधिकारियों को समन्वयक के रूप में नियुक्त किया है। इसके अलावा 135 चिकित्सकों, 146 चिकित्सा सहयोगियों, 51 सहायक हज अधिकारियों और 171 हज सहायकों को भी तैनात किया गया है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भारत से 157,000 हज यात्री हज के लिए सऊदी अरब पहुंचे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।