एशियाई शेयर बाजारों में गिरावट का रुख
टोक्यो, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। एशियाई शेयर बाजारों में सोमवार को और अधिक गिरावट का रुख रहा। निवेशकों ने मंदी की आशंका में जमकर बिकवाली की और शेयर बाजार औंधे मुंह जा गिरे।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार जापान के प्रमुख सूचकांक निक्के ई 225 में 486.18 अंक यानी 6.36 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई और यह पिछले 26 वर्षो के अपने सबसे निचले स्तर 7,162.9 पर बंद हुआ। इसी तरह टापिक्स सूचकांक 59.65 अंक यानी 7.4 फीसदी गिरकर 746.46 पर बंद हुआ।
हांगकांग के हेंगसेंग सूचकांक में भी चार फीसदी से अधिक की गिरावट दर्ज की गई और यह 532.11 अंक गिरकर 12,086.27 पर कारोबार कर रहा था।
चीन का प्रमुख शेयर सूचकांक शंघाई कंपोजिट 5.76 फीसदी गिरकर 1,733.69 पर बंद हुआ। एसएसई कंपोनेंट सूचकांक 373.04 अंक यानी 6.06 फीसदी गिरकर 5,785.92 पर बंद हुआ।
ताईवान का ताईवान स्ट्रेट सूचकांक 212.75 अंक यानी 4.65 फीसदी गिरकर 4,366.87 पर बंद हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*