दुबई के होटल में दिखेगा राजस्थानी वास्तु का नमूना
दुबई, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। होटल उद्योग से उफनते पश्चिम एशिया के इस महानगर में जल्द खुलने जा रहे एक पांच सितारा होटल में राजस्थानी वास्तु कला के जीवंत नमूने देखने को मिलेंगे।
अचल संपत्ति निर्माण के कारोबार से जुड़ी संयुक्त अरब अमीरात(यूएई) की एक प्रमुख कंपनी नखील और भारत की भारत होटल्स ने मिल कर केवर्न होटल एंड रिसोर्ट नामक एक संयुक्त उपक्रम बनाया है, जिसके तहत यहां ग्रैंड फोर्ट दुबई नामक पांच सितारा होटल का निर्माण किया जाएगा।
इस होटल का निर्माण नखील द्वारा विकसित किए गए नए क्षेत्र अल फरजान में एक पहाड़ी पर किया जाना है। इस होटल में 293 कमरे होंगे। वर्ष 2010 तक इसके तैयार हो जाने की संभावना है।
भारत होटल्स की अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक ज्योत्सना सूरी के अनुसार ग्रैंड फोर्ट दुबई के जरिए वह भारतीय परंपरागत मेहमाननवाजी व वर्तमान अंतर्राष्ट्रीय शैली का एक अनूठा मिश्रण परोसने की स्थिति में आ जाएंगी।
ज्ञात हो कि भारत होटल्स देश भर में ग्रैंड ब्रांड वाले होटलों की श्रृंखला का संचालन करता है। नई दिल्ली, मुंबई व गोवा में द ग्रैंड होटल्स, श्रीनगर में इंटरकांटीनेंटल द ग्रैंड पैलेस, बेंगलुरू में द ग्रैंड अशोक, उदयपुर में द ग्रैंड लक्ष्मी विलास पैलेस व खजुराहो में द ग्रैंड टेंपल व्यू जैसे होटल इस श्रृंखला के हिस्से हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।