दुनिया के सबसे वजनी आदमी ने रचाई शादी
मेक्सिको सिटी, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। दुनिया के सबसे भारी आदमी 43 वर्षीय मैनुअल उरीबो ने लंबे समय से अपनी महिला मित्र क्लाउडिया सोलिस के साथ रविवार को विवाह कर लिया। दो साल पहले उरीबो का वजन 560 किलो था हालांकि अब उसका वजन घटकर 250 किलो है।
विवाह समारोह उत्तरपूर्व मेक्सिको के मोंटेरी शहर में क्लब डी लायंस में हुआ। उरीबो ने एक हेयर ड्रेसर और अपने दोस्त की विधवा सोलिस की मदद से पिछले दो सालों में अपना वजन आश्चर्यजनक रूप से घटाकर 250 किलोग्राम कर लिया है।
विवाह के समय दूल्हा सफेद कमीज और चादर लपेटे हुए विवाह समारोह के लिए तैयार अपने विशेष बिस्तर पर लेटा था। विवाह समारोह का प्रसारण डिस्कवरी चैनल ने किया। विवाह भोज में कम वसायुक्त खाना परोसा गया था।
उरीबो को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड्स द्वारा आधिकारिक रूप से दुनिया का सबसे वजनी व्यक्ति घोषित किया जा चुका है।
उनके ऊपर 'दुनिया का सबसे भारी आदमी' नामक वृत्तचित्र भी बनाया जा चुका है। इसमें उरीबो ने कहा कि उन्होंने अपना वजन घटाकर 120 किलोग्राम करने का लक्ष्य तय किया है।
उरीबो की सोलिस से मुलाकात अपने दोस्त के यहां हुए थी। वह खुद भी 250 किग्रा. वजनी था। चार वर्ष पहले उसकी मृत्यु हो गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।