रैंप पर कैटवाक के लिए सोनाक्षी ने घटाया 26 किलो वजन
मुंबई, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। बीते जमाने के बॉलीवुड अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा की बेटी सोनाक्षी सिन्हा ने रैंप पर कैटवाक के लिए पिछले कुछ महीनों में अपना वजन 26 किलो कम किया।
शो के दौरान वे एकमात्र ऐसी मॉडल थीं जो पुरुषों के परिधान पेश करने पहुंची थीं। 'लक्मे फैशन वीक' के अंतिम दिन शुक्रवार को कोलकाता के डिजाइनर देव आर. नील के 'जिगशॉ' कलेक्शन को पेश करने के क्रम में सोनाक्षी रैंप पर उतरी थीं।
डिजाइनर नील ने आईएएनएस से कहा, "अपने काम को हमेशा गंभीरता से लेने वाली सोनाक्षी ने खुद को आकर्षक दिखाने के लिए पिछले कुछ महीनों में अपना 26 किलो वजन कम किया है।"
उल्लेखनीय है कि फैशन डिजाइनिंग के छात्र रहे सोनाक्षी और नील पिछले तीन वर्षो से मित्र हैं। इस मित्रता की वजह से नील के परिधान पहनकर सोनाक्षी रैंप पर उतरी थीं।
पुरुषों के परिधानों की प्रदर्शनी के दौरान महिला की उपस्थिति की गुत्थी सुलझाते हुए नील कहते हैं, "अपने कलेक्शन का शीर्षक हमने 'जिगशॉ' रखा था, जिसे पूरा करने के लिए हमें इसमें स्त्रीत्व को शामिल करना था। रैंप पर कैटवाक के दौरान सोनाक्षी ने इस पहेली को पूरा कर दिया।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।