शनिवार को आम लोगों के बीच जाएंगे दलाई लामा
धर्मशाला, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। तिब्बत के निर्वासित धार्मिक नेता दलाई लामा बीमारी के बाद पहली बार शनिवार को यहां आयोजित एक समारोह में अपनी सार्वजनिक उपस्थिति दर्ज कराएंगे। लामा महीने के शुरू में पित्ताशय की शल्य चिकित्सा के लिए दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती किए गए थे। यह जानकारी उनके सहयोगियों ने दी है।
उनके एक वरिष्ठ सहयोगी तेंजिन तकल्हा के अनुसार दलाई लामा अब पूरी तरह स्वस्थ हैं और शनिवार की सुबह धर्मशाला में तिब्बती बच्चों के एक स्कूली कार्यक्रम में वह हिस्सा लेंगे।
73 वर्षीय दलाई लामा को पित्ताशय की शल्य चिकित्सा के लिए 9 अक्टूबर को दिल्ली स्थित सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती किया गया था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद 20 अक्टूबर को वह अपने निजी निवास पर पहुंच गए।
तकल्हा के अनुसार दलाई लामा 4 नवंबर से जापान यात्रा पर रहेंगे। ज्ञात हो कि दलाई लामा चीनी सेना के एक हमले के बाद 1959 में अपने गृहभूमि तिब्बत से भारत आ गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।