देश भर के विद्यालयों में बनेंगे 11.88 लाख शौचालय
नई दिल्ली, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। ग्रामीण विकास मंत्रालय में राज्य मंत्री चन्द्रशेखर साहू ने बुधवार को राज्य सभा में बताया कि केंद्र सरकार का देश के सभी ग्रामीण विद्यालयों में सम्पूर्ण स्वच्छता अभियान के अंतर्गत सुविधाएं प्रदान करने का प्रस्ताव है। इसके अंतर्गत देश भर के विद्यालयों में 11.88 लाख शौचालय इकाइयों का निर्माण किया जाएगा।
साहू ने एक लिखित प्रश्न के उत्तर में बताया कि कुल मिलाकर, सभी विद्यालयों में 11.88 लाख शौचालय इकाइयों के प्रावधान के साथ देश भर में ग्रामीण जिलों में 590 टीएससी परियोजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं, जिनमें से 6.88 लाख इकाइयां बना लिए जाने की जानकारी दी गई है। इसमें सभी सह-शिक्षा विद्यालयों में लड़कियों के लिए अलग शौचालय इकाई का प्रावधान है।
उड़ीसा में 70,663 विद्यालय शौचालय इकाइयां अनुमोदित की गई हैं, जिनमें से 39,601 इकाइयां बना लिए जाने की जानकारी दी गई है। झारखंड में 42,687 विद्यालय शौचालय इकाइयां अनुमोदित की गई हैं, जिनमें से 26,331 इकाइयां बना लिए जाने की जानकारी दी गई है।
भारत निर्माण के अंतर्गत, देश की सभी कवर न की गई, निचली श्रेणी में लौट आई तथा गुणवत्ता प्रभावित बसावटों के साथ-साथ इन बसावटों के विद्यालयों में पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इनकी जल गुणवत्ता की समस्या हल की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।