शेर का शिकार करने वाले 20 लोगों को तीन-तीन साल की कैद
जूनागढ़(गुजरात), 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। गिर राष्ट्रीय उद्यान में छह शेरों के शिकार करने वाले 20 शिकारियों को यहां की एक अदालत ने गुरुवार को तीन-तीन साल के कैद की सजा सुनाई। सजा पाने वालों में 9 महिलाएं भी शामिल हैं।
जस्टिस पी.डी. मकवाना की अदालत ने इन 20 शिकारियों को छह शेरों के शिकार का दोषी पाया और सभी को तीन-तीन साल के कैद की सजा सुनाई। ये शिकार पिछले साल मार्च महीने की 3 व 30 तारीखों को किए गए थे। अदालत ने आरोपियों पर 10-10 हजार का जुर्माना भी किया है।
ज्ञात हो कि पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के उना गांव से 21 लोगों को पिछले वर्ष अप्रैल महीने की 6 तारीख को छह शेरों की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। बाद में इसमें से एक महिला आरोपी की मौत हो गई थी।
मामले की जांच से जुड़े पुलिस महानिरीक्षक(आईजीपी) केशव कुमार के मुताबिक व्यापार के लिए शेरों के शिकार का यह देश का पहला मामला रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।