चुनाव क्षेत्र बदलने पर जोगी ने उठाया रमन सिंह पर सवाल
रायपुर, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह द्वारा चुनाव क्षेत्र बदलने पर कांग्रेस नेता व पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने सवाल खड़ा किया है। जोगी ने इसे रमन सिंह व भाजपा की हताशा बताया है।
प्रेस को जारी एक बयान में जोगी ने कहा है कि अपने पुराने क्षेत्र से रमन सिंह का चुनाव न लड़ना, भारतीय जनता पार्टी की राज्य में नैतिक व मानसिक स्थिति को बयान करता है।
वर्ष 2003 के दिसंबर महीने में छत्तीसगढ़ में सत्तासीन हुई भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में 14 व 20 नवंबर को दो चरणों में होने वाले चुनाव के लिए 21 अक्टूबर को कुल 78 उम्मीदवारों की सूची जारी की। राज्य विधान सभा की कुल 90 सीटों के लिए चुनाव होने हैं।
इस सूची के अनुसार रमन सिंह राजनंदगांव से चुनाव लड़ेंगे। फिलहाल वे राज्य विधान सभा में डोंगरगांव क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। इस सीट के लिए वर्ष 2004 में हुए उपचुनाव में वे विजयी हुए थे।
इस तरह देखा जाए तो रमन सिंह ने तीसरी बार अपना चुनाव क्षेत्र बदला है। वर्ष 1998 में उन्होंने अपने गृह क्षेत्र कावर्धा से चुनाव लड़ा था और कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।