मनसे पर प्रतिबंध की सोच सकती है महाराष्ट्र सरकार
मुंबई, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री आर.आर. पाटिल ने कहा है कि यदि जरूरी हुआ तो महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) पर उनकी सरकार प्रतिबंध लगाने की सोच सकती है।
पत्रकारों से एक अनौपचारिक बातचीत में पाटिल ने कहा कि मनसे प्रमुख राज ठाकरे को मंगलवार सुबह गिरफ्तार किया गया और संभवत: उन्हें पुलिस हिरासत में रात बितानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि ठाकरे को राजनीतिक वीआईपी का दर्जा नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मनसे की हिंसा के कारण नुकासान उठाने वालों को सरकार मुआवजा देगी और इसकी भरपाई वह मनसे से करेगी। हालांकि पाटिल ने यह नहीं बताया कि वे किस तरह से मनसे से नुकसान की भरपाई करेंगे।
इसी मामले में मुंबई पुलिस के आयुक्त हसन गफूर ने कहा कि सिटी पुलिस गुरुवार को विखरोली की अदालत में ठाकरे के खिलाफ अपील करेगी, जिसमें कहा जाएगा कि फरवरी में हुई रिहाई की शर्तो की ठाकरे ने अवहेलना की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।