अमेरिका ने चंद्रयान-1 के सफल प्रक्षेपण पर भारत को दी बधाई
नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिका ने चंद्रयान के सफल प्रक्षेपण पर भारत को बधाई दी है। साथ ही उसने इस सफलता को दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय साझेदारी का एक उदाहरण बताया है।
भारत में अमेरिकी राजदूत डेविड मलफोर्ड ने यहां जारी एक बयान में कहा है कि यह भारतीय इतिहास के लिए गौरव का क्षण है। यह इस बात को भी जाहिर करता है कि अंतरिक्ष के शांतिपूर्ण अनुसंधान में अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के साथ जुड़ने के बाद भारत की तकनीकी क्षमता और मजबूत हुई है।
चंद्रयान-1 के लिए अमेरिका द्वारा उपलब्ध कराए गए दो उपकरणों का जिक्र करते हुए अमेरिकी राजदूत ने कहा है कि भारत का यह प्रक्षेपण, जिसमें अमेरिकी वैज्ञानिकों ने भारतीय वैज्ञानिकों के साथ मिल कर काम किया है, हमारे द्विपक्षीय साझेदारी के आदर्शो का नमूना है।
ज्ञात हो कि इस अंतरिक्ष यान में कुल 11 उपकरण शामिल हैं। इसमें पांच भारत के अपने हैं, जबकि 6 उपकरण अमेरिका, बुल्गारिया व यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के विश्वविद्यालयों व प्रयोगशालाओं से मंगाए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।