पटाखों से झुलसने वालों के लिए हेल्पलाइन सेवा
नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। राजधानी में दिवाली के मौके पर हर साल कई लोग जलकर घायल हो जाते हैं। इस वर्ष पटाखों से मामूली रूप से जलकर घायल होने वालों के लिए एक हेल्पलाइन सेवा शुरू की गई है, जो तत्काल उससे निपटने के तरीके बताएगी।
जानेमाने प्लास्टिक सर्जन अनूप धीर ने 24 घंटों के लिए एक हेल्पलाइन सेवा शुरू की है, जिसके माध्यम से दिवाली के दौरान जलकर घायल होने वालों को उपचार के तरीके बताए जाएंगे। यह सेवा 09312377554 पर 23 अक्टूबर से 28 अक्टूबर तक चालू रहेगी।
इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल के वरिष्ठ कॉस्मेटिक सर्जन अनूप ने बताया कि लोगों को इस बात की जानकारी नहीं है कि पटाखों से जलने के बाद उन्हें तत्काल क्या करना चाहिए।
उन्होंने कहा, "एक छोटी सी जानकारी से लोगों को जलन से छुटकारा मिल सकता है।" अनूप ने बताया कि जो लोग दुर्भाग्यवश जल जाते हैं वे फोन पर उपचार के लिए महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।